उत्तर प्रदेश में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहले चरण की वोटिंग आज सुबह 7:00 बजे से हो रही है, ऐसे में तमाम ग्राम पंचायतों में प्रधान से लेकर जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए मतदान केंद्रों के बाहर देखे जा रहे हैं। इन्हीं में कई प्रत्याशी व उनके समर्थक मतदाताओं की मदद करने में भी जुटे हुए हैं। इसी बीच गोरखपुर खजनी इलाके से एक मामला आया जहां मतदान से ठीक पहले प्रधान पद प्रत्याशी को गोली मार दी गई। गोली लगने से प्रधान पद प्रत्याशी गंभीर रूप से घायल हो गया है, उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मामला गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के परसाडाड़ के महुआडाबर गांव में बुधवार की रात करीब 10:30 बजे पूर्व प्रधान गिलगिल दुबे उर्फ राघवेंद्र नारायण दुबे 50 पुत्र पहाड़ी को गोली मार दी गयी। गोली उनके पेट मे लगी है। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।

घायल प्रधान पद प्रत्याशी के परिजनों ने गोली मारने का आरोप निवर्तमान प्रधान व प्रधान प्रत्याशी शम्भू यादव पर लगाया है। पुलिस ने फिलहाल शम्भू यादव को हिरासत में लिया है और जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार महुआडाबर निवासी गिलगिल उर्फ राघवेंद्र नारायण दुबे पाँच साल पहले प्रधान थे। पिछली बार गांव के शम्भू यादव प्रधान चुने गए। इस वर्ष गिलगिल दुबे व निवर्तमान प्रधान शम्भू भी प्रधान पद का चुनाव लड़ रहे है। दोनो में तनातनी चल रही थी। मेडिकल कालेज गए घायल गिलगिल के भाई भोलेन्द्र ने बताया कि गांव में घर आते समय शम्भू ने गोली मार दी। गोली गिलगिल के पेट मे लग गयी। समर्थकों के अनुसार जिस समय गिलगिल घर आ रहे थे उसी समय शम्भू ने ताबड़तोड़ तीन राउंड गोली चलाई। फिलहाल पुलिस को अभी कोई तहरीर नही दी गयी है। वही शम्भू पक्ष के लोगो का आरोप है कि गोली गिलगिल का ही पक्ष चलाया है।